
उदित वाणी जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र में चोरों ने एक शराब दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी और लाखों रुपये मूल्य की शराब की पेटियां चोरी कर लीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बोड़ाम पगदा गांव निवासी सेल्समैन नेपाल महतो ने बताया कि 28 फरवरी की रात करीब 11 बजे उन्होंने दुकान बंद की थी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जांच करने पर गल्ले से नकदी गायब मिली और कई पेटियां शराब की भी नहीं थीं।
नेपाल महतो ने कहा कि उनकी दुकान में पहली बार इस तरह की चोरी हुई है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की पहचान में जुटी है।
