
उदित वाणी, जमशेदपुर : उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने बोड़ाम प्रखंड के पहाड़पुर, कुइयानी और बोटा पंचायतों का दौरा कर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की. उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना और अबुआ आवास योजना के तहत चल रहे आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता परखी और लाभुकों से संवाद कर निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया.
योजनाओं की प्रगति और कमियां
कुइयानी पंचायत के बागड़ा गांव में अबुआ आवास निर्माण कार्य का जायजा लिया गया, जहाँ लंबित घरों को शीघ्र पूर्ण करने का आदेश दिया गया. निरीक्षण के क्रम में ग्राम कोइरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्र बंद पाया गया, जिस पर अधिकारियों को सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
वन धन केंद्र और महिला सशक्तिकरण पर जोर
बोटा पंचायत में वन धन विकास केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहाँ सखी मंडल समूह की महिलाएं मधुमक्खी पालन कर रही थीं. उप विकास आयुक्त ने केंद्र की गतिविधियों को और विस्तार देने की आवश्यकता बताई. उन्होंने शहद के संग्रहण, ब्रांडिंग, शुद्धिकरण, बॉटलिंग और बाजार में बिक्री को बढ़ावा देने के लिए ठोस पहल पर बल दिया और सालाना एक करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य रखने की बात कही.
फॉरेस्ट भूमि पर स्वीकृत आवास का मामला
प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत बोटा पंचायत के पहाड़िया जनजाति के एक आवास निर्माण कार्य का निरीक्षण हुआ, जिसमें पाया गया कि स्वीकृति फॉरेस्ट भूमि पर दी गई है और लाभुक को वन विभाग से नोटिस प्राप्त हुआ है. इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बोड़ाम को सभी नोटिस प्रतियां संलग्न कर जिला कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए.
मनरेगा कार्यों का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मनरेगा अंतर्गत आम बागवानी, बिरसा सिंचाई कूप और पोटो हो खेल मैदान का भी अवलोकन किया गया. खेल मैदान में स्कोर बोर्ड, चेंजिंग रूम और शौचालय का निर्माण कराने का आदेश दिया गया.
निरीक्षण में शामिल अधिकारी
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी किकू महतो, पंचायत सचिव, जिला आवास समन्वयक, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखंड समन्वयक, ग्राम रोजगार सेवक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

