
उदित वाणी, जमशेदपुर : ऑनलाइन ग्रॉसरी सेवा प्रदाता ब्लिंकिट के डिलीवरी कर्मियों ने गुरुवार की सुबह अपनी मांगों को लेकर हड़ताल की. यह प्रदर्शन दो स्थानों पर आयोजित हुआ-मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर-16 और बिरसानगर जोन नंबर-1 गुड़िया मैदान के पास. हड़ताल के कारण इन इलाकों में ब्लिंकिट की सेवाएं प्रभावित हुईं और कई उपभोक्ताओं को ऑर्डर रद्द होने जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ा.
डिलीवरी कर्मियों का आरोप है कि कंपनी ने हाल ही में पेआउट स्ट्रक्चर में कटौती कर दी है. पहले की तुलना में प्रति किलोमीटर कम भुगतान मिलने लगा है और साथ ही पहले मिलने वाला इंसेंटिव भी बंद कर दिया गया है. इससे उनकी मासिक आय में सीधा असर पड़ा है. उनका कहना है कि महंगाई बढ़ने के बावजूद पेआउट कम होना उनके लिए बड़ी परेशानी है.
मानगो में जारी फ्लाईओवर निर्माण कार्य ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. निर्माण के कारण डिलीवरी कर्मियों को लंबे व वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ रहा है. इससे फ्यूल खर्च बढ़ गया है, लेकिन कंपनी की ओर से न इसके लिए कोई अतिरिक्त भुगतान किया जा रहा है और न ही पेआउट में संशोधन किया गया है. उनका कहना है कि हर बार वे यह मुद्दा प्रबंधन के सामने उठाते हैं, तो कंपनी सिर्फ “बाद में” या “अगले साल” जैसे जवाब देकर मामले को टाल देती है.
डिलीवरी कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मुख्य मांगे हैं-पेआउट में बढ़ोतरी, लंबी दूरी की डिलीवरी पर अतिरिक्त भत्ता, और पुराने इंसेंटिव सिस्टम की बहाली. हड़ताल में शामिल कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे काम पर नहीं लौटेंगे. उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर इस आंदोलन को शहर के अन्य हिस्सों तक भी फैलाया जा सकता है और यदि हालात नहीं सुधरे तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन रूप से जारी रहेगी.

