
उदित वाणी, रांची: कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सहमति होने के बावजूद नियोजन नीति पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा अब तक वक्तव्य नहीं दिए जाने से नाराज विपक्षी भाजपा विधायकों ने बुधवार को शून्यकाल के बाद फिर वेल में जाकर हंगामा व नारेबाजी की.
भाजपा विधायकों ने कहा कि नियोजन नीति पर पिछले सप्ताह तीन चार दिनों तक सदन की कार्यवाही बाधित रहा और सदन में मुख्यमंत्री के वक्तव्य दिए जाने को लेकर सहमति बनी थी. लेकिन मुख्यमंत्री ने अबतक वक्तव्य नहीं दिया. इस पर सदन में मौजूद मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके स्थानीयता पर भी व नियोजन नीति पर भी जबाब देंगे.
इसके बाद सदन में हंगामा कर रहे भाजपा विधायकों से मुख्यमंत्री सोरेन ने पूछा कि आपलोग क्या चाहते हैं. 60/40 या बर्ष 1932 खतियान आधारित नियोजन नीति. इस पर भाजपा विधायकों ने कहा कि 1932 खतियान आधारित नियोजन नीति.
जिसके जबाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुंह में राम बगल में छुरी’. उन्होंने कहा कि अगर आप 1932 के समर्थन में हैं, तो आपलोग कोर्ट क्यों जाते हैं. रमेश हासदा कौन है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सवालों का जबाब देंगे. हमारी बारी भी आयेगी. मैं बोलूंगा भी और ये लोग भागेंगे भी.
वहीं मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के इतिहास में पहली बार सत्तापक्ष के लोगों ने ही संसद को हाईजैक करके रखा है. इन लोगों को यह लग रहा है कि हम देश की सत्ता में काबिज हैं तो पूरी दुनिया में काबिज हो चुके हैं.
जिस तरह से इन्हें सवालों में घेरा जा रहा है. ये लोग किसी तरह से बचने की कोशिश कर रहे हैं. जहां देश के आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यकों बिषय पर चर्चा होती है. वही लोकसभा पूरी तरह ठप्प है. अब देख रहे हैं कि यहां भी विपक्ष यही करने की कोशिश कर रहा है. इनके पास ना कोई मुद्दा है और ना ही बिषय.
इसके साथ ही मंगलवार को सदन में भाजपा विधायक मनीष जायसवाल द्वारा कुर्ता फाड़े जाने और सदन में अनधिकृत रूप से मोबाइल में वीडियो बनाने के मामले में मुख्यमंत्री ने स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो से कार्रवाई करने की मांग की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपड़े फाड़ना, तरह-तरह के रूप धारण करके सदन में आना. अपनी हरकतों से सदन की गरिमा को गिराना इनका काम रह गया है. उन्होंने कहा कि मंगलवार को जो आचरण किया गया. उस पर कार्रवाई होनी चाहिए. इसके अलावा उन्होंने कहा कि अब राम भक्तों को कपड़े फाड़कर यह साबित करना पड़ रहा है कि हम राम भक्त है. ईश्वर सबको देख रहा है.

