
उदितवाणी, रांची: केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने देवघर में इफिको नैनो यूरिया संयंत्र का भूमि पूजन करते हुए आधारशिला रखी तथा उन्होंने स्थानीय सांसद निशिंकांत दुबे की तारीफ करते हुए कहा कि नैनो कारखाना यहां के स्थानीय सांसद की प्रयास से सम्भव हो पाया है.
इस संयंत्र के खुल जाने से झारखंड को बड़ा लाभ मिलेगा. वहीं इसके बाद जसीडीह देवघर के इंडस्ट्रियल मैदान में भाजपा द्वारा आयोजित विजय संकल्प महारैली को सम्बोधित करते हुए हेमंत सरकार पर जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि झारखंड की सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है. हेमन्त सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हेमंत सरकार को आदिवासी विरोधी करार देते हुए कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री सोरेन ने जनजातीय समाज के विकास और उत्थान के लिए कुछ नहीं किया.
वास्तव में राज्य के मुख्यमंत्री नहीं चाहते है कि राज्य की जनजातीय समाज का विकास हो. इस समाज को राज्य की सरकार सिर्फ वोट बैंक बनाकर रखना चाहती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम की नीतियों के कारण यह क्षेत्र विकास के पथ पर पीछे छूट गया है. उन्होंने कहा कि अटल जी के सपनों के झारखंड में भाजपा की सरकार ने शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी, रोज़गार समेत सभी क्षेत्र में कार्य किया.
परन्तु हेमंत सरकार ने झारखंड को बर्बाद कर दिया. हेमन्त सरकार टैक्टर और पानी की जहाज से भ्रष्टाचार करते हैं. उन्होंने कहा कि आदिवासियों और दलितों की घटती जनसंख्या पर चिंता जाहिर करते उन्होंने कहा कि आज हेमन्त सोरेन की सरकार में राज्य में जनजाति समाज की संख्या कम हो रही है.
यहां घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी को बदला जा रहा है. उन्होंने कहा कि हेमंत भाई कान खोलकर सुन लें अब वोट बैंक की राजनीति नहीं चलेगी. आपकी चालाकी को आदिवासी समाज अच्छी तरह समझता है.
उन्होंने कहा कि यहां की डेमोग्राफी को भाजपा बदलने नहीं देगी. उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि झारखंड जिसका है उसी का रहेगा. उन्होंने झारखंड में बहन बेटियों पर बढ़ते अत्याचार पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा राज्य सरकार की जिम्मेवारी है.
रुबिका पहाड़िया एवं अंकिता जैसी आदिवासी एवं दलित बेटियों की हत्या के जिम्मेदार मुख्यमंत्री हैं. वहीं उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनजातीय गौरव को हमेशा आगे रखा है. आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को महामहिम राष्ट्रपति बनाने का कार्य किया.
आदिवासी कल्याण के लिए बजट 86 हज़ार करोड़ किया. भाजपा ने 740 एकलब्य विद्यालय खोले। इन विद्यालयों में 38 हज़ार 800 शिक्षकों की बहाली की ायेगी. 157 मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग की पढ़ाई की जाएगी. पीएम आवास को तीन गुना बढ़ाया.
जनजातीय क्षेत्रों में 1 करोड़ 30 लाख घरों में नल से जल, 1.45 करोड़ घरों में शौचालय और 3 करोड़ किसानों को डीबीटी के माध्यम से छः हज़ार रूपये भेजते हैं. उज्ववला योजना के अंतर्गत 60 लाख 90 हज़ार घरों में गैस कनेक्शन दिया.
कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज दिया। कोरोना का मुफ्त टीकाकरण करवाया. उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार के समय भाजपा की सरकार ने महिलाओं के नाम पर एक रुपये में भूमि का रजिस्ट्रेशन होता था. उसे भी हेमन्त सरकार ने बन्द कर दिया. भगवान बिरसा मुंडा के जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया.
उन्होंने हेमन्त सोरेन से पुछा की हेमन्त बाबू आप बताएं कि आपने राज्य के लिए क्या किया. उन्होंने हेमन्त सोरेन सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि हेमन्त सोरेन जी इस रैली में संथाल परगना से आयी यह भीड़ एक ट्रेलर है. जो 2024 लोकसभा चुनाव में इसका असर दिख जायेगा. उन्होंने राजमहल लोक सभा सीट भी भाजपा की झोली में डालने का आह्वान किया.


