
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी सीतारामडेरा मंडल के उपाध्यक्ष रंजीत सिंह की अध्यक्षता में कुष्ठ आश्रम परिसर में बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में मुख्य रूप से कुष्ठ पीड़ितों की बिजली और पानी की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित थे.
कुष्ठ पीड़ितों ने नवजीवन आश्रम में बिजली की समस्या तथा गांधी आश्रम के लगभग 85 घरों में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की मांग की. इस दौरान लोगों ने बताया कि लंबे समय से वे मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग और कंपनी की ओर से ठोस पहल नहीं की जा रही है.
भाजपा नेता पवन अग्रवाल ने कहा कि इस समस्या को लेकर पूर्व में कई बार जुस्को के महाप्रबंधक (GM) सहित वरीय अधिकारियों से मुलाकात कर लिखित शिकायत और ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, जमीन पर कोई काम नहीं हुआ. उनका आरोप था कि जुस्को के कुछ अधिकारी इस मामले का समाधान ही नहीं चाहते.
पवन अग्रवाल के अनुसार, स्थिति तब और गंभीर हो गई जब लगभग छह लाख रुपये के बिजली बिल में कथित गड़बड़ी की गई. कुष्ठ पीड़ितों द्वारा पूरा बिजली बिल जमा कर देने के बाद भी उनसे अतिरिक्त पैसे की मांग की जा रही है, जो गरीब कुष्ठ पीड़ितों के साथ सीधा अन्याय है. उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए.
अग्रवाल ने जानकारी दी कि जुस्को महाप्रबंधक को पत्र भेजकर सात दिनों के भीतर कुष्ठ आश्रम की बिजली व पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की चेतावनी दी गई है. उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्या का हल नहीं निकाला गया, तो भारतीय जनता पार्टी 22 दिसम्बर, सोमवार को पूरे जमशेदपुर के कुष्ठ पीड़ितों के साथ जुस्को गेट पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन करेगी.
पवन अग्रवाल ने आरोप लगाया कि टाटा जी के सपनों के शहर में कुछ अधिकारी उनकी ही भावनाओं को तार-तार कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने जनहित में जुस्को प्रबंधन से शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की और चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न की यह स्थिति जारी रही तो पार्टी जुस्को के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी.

