
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड में नगर निकाय चुनावों में लगातार हो रही देरी और बैलेट पेपर से चुनाव कराने के फैसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इसी कड़ी में भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से मंगलवार को मानगो गांधी मैदान स्थित मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया. महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
धरने पर बैठे भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर कर रही है. चुनाव की तिथि घोषित न करना, दलीय आधार पर चुनाव से बचना और ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर लागू करने का निर्णय सरकार की नीयत पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है.
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि छह साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नगर निकाय चुनाव नहीं कराना सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सरकार चुनाव से भाग रही है, क्योंकि उसे जनता की नाराजगी का भय है. ईवीएम हटाकर बैलेट बॉक्स लागू करने की योजना से स्पष्ट है कि सरकार परिणामों को प्रभावित करने की साजिश रच रही है. उन्होंने कहा कि मानगो जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में चुनाव न होना जनता के साथ अन्याय है. बिना निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के विकास कार्य ठप हैं और केंद्र की शहरी विकास योजनाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है.

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य का विकास ठहर गया है. नागरिक सुविधाएं चरमराई हुई हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और सरकार जनविरोधी नीतियों के माध्यम से जनता को परेशान कर रही है. उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव इसलिए टाले जा रहे हैं क्योंकि सरकार जनता का सामना करने से डर रही है.
महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि लंबे समय से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकायों की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है. प्रशासनिक अधिकारियों की मनमानी बढ़ गई है और आम जनता को साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र आज प्रशासनिक अव्यवस्था और जवाबदेही के अभाव का शिकार है. निर्वाचित प्रतिनिधि न होने से जनता की समस्याएं अनसुनी रह जाती हैं, जो लोकतंत्र के सिद्धांतों के विपरीत है.
भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार दलीय आधार और ईवीएम से चुनाव कराने से जानबूझकर बच रही है. बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव कराकर भ्रष्टाचार को बढ़ाने की साजिश की जा रही है, जबकि पूरा देश पारदर्शी ईवीएम प्रणाली की ओर अग्रसर है.
धरना-प्रदर्शन के अंत में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन मानगो नगर निगम के प्रशासक को सौंपा, जिसमें शीघ्र चुनाव की तिथि घोषित करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने और ईवीएम के उपयोग की प्रमुख मांगें रखी गईं.
इस दौरान मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन उलीडीह मंडल अध्यक्ष रविन्द्र सिसोदिया ने दिया. प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, अभय सिंह, बिनोद सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, मनोज सिंह, नीरज सिंह, डॉ. जटाशंकर पांडेय, अनिल सिंह, डॉ. राजीव, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, रेणु शर्मा, विजय तिवारी, कृष्णा शर्मा काली, अखिल सिंह, बिनोद राय, प्रशांत पोद्दार, मारुति नंदन पांडेय, अजीत सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, शिव प्रकाश शर्मा, अशोक चौहान, छोटन मिश्रा, प्रीति सिन्हा, लक्की सिंह, श्वेता सिंह, मीरा शर्मा, अनिमेष सिन्हा, सुशील पांडेय, प्रकाश दुबे, राहुल तिवारी, मोहम्मद निसार, विजय सोय, विकास साहू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.

