
उदित वाणी, रांची: 11 अप्रैल को झारखंड मंत्रालय घेराव व प्रदर्शन कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भाजपा नेताओं ने दिल्ली में भी बैठक की. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश के दिल्ली स्थित आवास पर हुई बैठक में प्रदेश के पार्टी सांसदों व अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया.
बैठक के दौरान 11अप्रैल के झारखंड मंत्रालय घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सांसदों को जिम्मेवारी भी सौंपी गई. बताया गया कि बैठक में राज्य संपोषित भ्रष्टाचार, हेमंत सरकार के वादा खिलाफी, तुष्टिकरण की नीति, विधि व्यवस्था, युवा, महिला, किसान व पिछड़ा विरोधी निर्णय पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जनभावनाओं के अनुरूप राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया.
इस बैठक में प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी समेत पार्टी विधायक दल नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत सांसद आदित्य साहू, समीर उरांव, अर्जुन मुंडा, श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, निशिकांत दुबे, पी एन सिंह, सुदर्शन भगत, जयंत सिन्हा, सुनील सिंह, सुनील सोरेन, बी डी राम, संजय सेठ व विद्युत वरण महतो शामिल थे.
इनके अलावा बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा दिनेशानंद गोस्वामी, महामंत्री प्रदीप वर्मा व बालमुकुंद सहाय भी शामिल थे.

