
उदित वाणी, जमशेदपुर: बेरमो निवासी भाजपा नेता प्रकाश कुमार सिंह ने रांची स्थित राजभवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाक़ात की और अपनी पुस्तक ‘मोदी की गारंटी : स्वस्थ भारत’ उन्हें भेंट की। यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कार्यों पर आधारित है। इसकी प्रस्तावना भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष ने लिखी है।
पुस्तक में विस्तार से बताया गया है कि कैसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना महामारी का प्रभावी प्रबंधन किया। इसमें भारत में कोरोना वैक्सीन विकसित करने की पूरी प्रक्रिया और दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान का विस्तृत विवरण है। साथ ही, यह पुस्तक भारत के फार्मा सुपरपावर बनने की कहानी और आयुष को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों को भी उजागर करती है। इसके माध्यम से यह स्पष्ट किया गया है कि मोदी सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में न केवल व्यापक सुधार किए, बल्कि देश को वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में सम्मान दिलाने में भी सफलता हासिल की।

