
उदित वाणी, झारखंड: भाजपा नेता और घाटशिला से भाजपा प्रत्याशी बाबू लाल सोरेन ने जननायक और दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने शोक सभा का आयोजन भी किया, जिसमें उनके योगदान को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
भा.ज.पा. नेता बाबू लाल सोरेन ने श्रद्धांजलि सभा में शिबू सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का सपना था कि झारखंड को 28 जिलों के साथ अलग राज्य के रूप में स्थापित किया जाए, लेकिन राज्य में सिर्फ 18 जिलों को ही शामिल किया गया। अब उनका उद्देश्य है कि झारखंड के शेष 10 जिलों को शामिल करने के लिए जल्द ही ‘शिबू सोरेन सेना’ का गठन किया जाएगा।
बाबू लाल सोरेन ने कहा कि यह आंदोलन बिहार, झारखंड और बंगाल में फैले इन जिलों को झारखंड में शामिल करने के लिए होगा। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य शिबू सोरेन के सपने को साकार करना है, ताकि उनकी आत्मा को शांति मिल सके।
उन्होंने अपनी श्रद्धांजलि सभा में इस प्रस्ताव को रखा, जिसे उनके समर्थकों ने भरपूर समर्थन दिया। बाबू लाल सोरेन ने कहा कि इस आंदोलन की रूपरेखा जल्द ही तैयार की जाएगी और ‘शिबू सोरेन सेना’ का गठन कर झारखंड के बृहद राज्य के उनके सपने को पूरा किया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा नेता के साथ लखन मुर्मू, रघुटुडू, वर्षा टुडू, विमल अगस्टिन, बूतरु हंसदा, मुखिया भीम सेन मुर्मू समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी।

