
उदित वाणी, जमशेदपुर : पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की सफलता को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर की प्रशिक्षण कार्ययोजना बैठक शनिवार को सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन सभागार में सम्पन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की.
बैठक में पूर्व सांसद और झारखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. इस अवसर पर प्रदेश मंत्री मनोज महतो, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले सहित कई पदाधिकारी और अभियान टोली के मंडल संयोजक व सह संयोजक उपस्थित रहे. बैठक में अभियान की रूपरेखा और इसे सफल बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई.
मंडलों में होंगे एकदिवसीय प्रशिक्षण वर्ग
बैठक की शुरुआत वर्ग गीत के साथ हुई. इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए गए. उपस्थितजनों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन भी किया.
स्वागत संबोधन में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जमशेदपुर महानगर के 28 मंडलों में 24 घंटे का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा. आगामी 30 मार्च से 14 अप्रैल तक विभिन्न मंडलों में एकदिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों, संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के संस्कारों से परिचित कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को इस तरह तैयार करना है कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें. उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में जिला स्तर पर भी प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे.
वैचारिक रूप से मजबूत कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि यह अभियान मंडल स्तर तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाज सेवा के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है. उन्होंने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को और सशक्त बनाया जाए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया.
संगठनात्मक और वैचारिक सशक्तिकरण का अभियान
प्रदेश मंत्री मनोज महतो ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि वैचारिक सशक्तिकरण का महाअभियान है. इसके माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित किया जाएगा.
प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं में विचारधारा, अनुशासन और सेवा भाव को सुदृढ़ करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि यह पहल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक देश-एक विधान’ के विचार और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन से प्रेरित है.
बैठक में जिला महामंत्री अनिल मोदी ने मंच संचालन किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री संजीव सिंह ने किया.
बैठक में जिला पदाधिकारी रेणु शर्मा, जितेंद्र राय, पप्पू सिंह, मिली दास, कृष्णा शर्मा काली, सुबोध झा, प्रेम झा, अखिल सिंह, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह, किशोर ओझा, नीतीश कुशवाहा, मंजीत सिंह, नीलू मछुआ, पोरेश मुखी, रमेश बास्के सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. मंडल अध्यक्षों में रंजीत सिंह, रितेश झा, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी, विकास शर्मा, प्रशांत पोद्दार, अजीत सिंह, मारुति नंदन पांडेय, रविन्द्र सिसोदिया, बिनोद राय, हन्नु जैन, दीपक पाल, जुगनू वर्मा, सूरज साह, प्रधान चंद्र महतो, शांतनु मुखर्जी, रविन्द्र सरदार, सुदीप डे और आनंद कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.

