
उदित वाणी, जमशेदपुर : निकाय चुनाव के दौरान ‘मइयाँ योजना’ की लाभुकों को बिना गारंटी 20 हजार तक का लोन देने की खबर को प्रमुखता से छापने के खिलाफ भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचा. सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिकायत दर्ज कराई गई.
सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि निकाय चुनाव की घोषणा हो चुकी है और घोषणा तिथि से ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी है. फिर भी, सरकार के इशारे पर राज्य के प्रमुख अखबारों में यह खबर छपवाई गई. सरकार मइयाँ योजना से चुनाव को जोड़कर वोटरों को प्रलोभन देकर चुनाव प्रभावित करना चाहती है.
प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मांग की कि इस खबर के पीछे जिम्मेदार अधिकारी या पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हो. भाजपा ने दलीय स्तर पर चुनाव कराने की बार-बार मांग की थी, लेकिन सरकार ने इसे नजरअंदाज किया. ज्ञापन के बाद आयोग ने जांच का आश्वासन दिया.
प्रतिनिधिमंडल में अशोक बड़ाईक और सीमा सिंह भी शामिल थे.

