
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह मुखी बस्ती में शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव तालाब से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपक नाग के रूप में की गई है, जो धातकीडीह मुखी बस्ती का ही निवासी था।
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले तालाब में शव को तैरते देखा और तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिष्टुपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
दीपक को तुरंत इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, सटीक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की वजह हो सकती है। मृतक के मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। दीपक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

