
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के मुख्य सड़क पर बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया. नटराज के सामने एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और जोरदार टक्कर मारते हुए सड़क के डिवाइडर को तोड़ दिया. हादसा रात करीब 11 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर काफी रफ्तार में था और अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया, जिससे तेज धमाका हुआ और डिवाइडर के कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए.
चालक ने बताया कि ट्रेलर के ब्रेक अचानक फेल हो गए थे, जिसके कारण वह वाहन को संभाल नहीं सका. गनीमत रही कि उस समय सड़क पर ट्रैफिक कम था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि ट्रेलर के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है.
घटना की जानकारी मिलते ही बिस्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक को नियंत्रित किया और सड़क को साफ कराने के लिए क्रेन मंगवाई. करीब आधे घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई. पुलिस की तत्परता से ट्रेलर को हटाकर यातायात बहाल किया गया.
बिस्टुपुर थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है और वाहन को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है. फिलहाल स्थिति सामान्य है और यातायात सुचारु रूप से चल रहा है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात्रि में वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.

