
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना पुलिस ने झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ़्तार किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अक्तूबर की शाम को बारीडीह निवासी अंजली जोड़ा जब अपनी स्कूटी (पंजीयन संख्या JH05CM 0747) से बिष्टुपुर एसी मार्केट रिलायंस फ्रेश के पास पहुँची, उसी वक्त दो अपराधियों ने उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर छापेमारी कर दोनों को गिरफ़्तार कर लिया गया.
गिरफ़्तार अभियुक्तों का नाम मेघराज सिंह (36 वर्ष, निवासी बारीडीह, पूर्वी सिंहभूम) और निर्मल राज सिंह (33 वर्ष, निवासी बारीडीह, जमशेदपुर) बताया गया है. इनकी तलाशी में पीड़िता की स्कूटी, पर्स और उसमें मौजूद वीवो मोबाइल, नगद रुपये तथा अन्य दस्तावेज़ बरामद हुए हैं.
पुलिस टीम में थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने आमजन से सतर्कता बरतने और किसी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत देने की अपील की है.

