
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के राम मंदिर के पीछे स्थित सूरत गुजराती समाज भवन में आयोजित हल्दी समारोह के दौरान बुधवार शाम चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। समारोह में पहुंचीं महिलाओं का रुपए भरा बैग एक अज्ञात महिला द्वारा चोरी कर लिया गया। घटना के तुरंत बाद बागबेड़ा बारोडा घाट निवासी अरुण कुमार और अन्य लोगों की सतर्कता से संदिग्ध महिला को पकड़कर बिष्टुपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अरुण कुमार ने बताया कि उनकी भतीजी का हल्दी कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। इसी दौरान शाम के समय भीड़-भाड़ का फायदा उठाते हुए एक अनजान महिला समारोह में घुस आई। वह बैग के पास घूमती नजर आई, जिससे उसकी हरकत संदिग्ध लगी। कुछ ही देर में महिलाओं ने देखा कि उनका रुपए भरा बैग गायब है। इसके बाद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए संदिग्ध महिला को तुरंत पकड़ लिया।
पकड़ी गई महिला से पूछताछ के दौरान उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली, लेकिन उसके पास से बैग बरामद नहीं हो सका। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह चोरी की इस वारदात में अकेली नहीं थी। उसने बताया कि उसके साथ एक दूसरी महिला भी शामिल थी, जिसे वह चोरी का बैग थमा चुकी है। साथी महिला मौके का फायदा उठाकर भीड़ में गायब हो गई।
बिष्टुपुर थाना पुलिस ने पकड़ी गई महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार महिला की तलाश में जुटी है और समारोह स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह किसी संगठित महिला चोरी गिरोह का काम हो सकता है, जो ऐसे पारिवारिक आयोजनों को निशाना बनाता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रमों में अपने कीमती सामान को सुरक्षित रखें और किसी संदिग्ध व्यक्ति पर नजर बनाए रखें। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

