
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह हरिजन बस्ती में मंगलवार सुबह 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक का नाम अमित मुखी बताया गया है. घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया और परिजनों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा.
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार सुबह अमित ने अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगाई. जब परिजन लौटे तो उन्होंने उसे इस हालत में पाया और आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक के चाचा गणेश मुखी ने बताया कि सुबह घर में अमित की मां और दो बहनें थीं, लेकिन तीनों अपने-अपने काम पर चली गई थीं. घर खाली होने का फायदा उठाकर अमित ने यह कदम उठाया. आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. परिवार के अनुसार, हाल ही में उसने कहीं नौकरी जॉइन की थी, लेकिन किस वजह से उसने जान दी यह स्पष्ट नहीं हो सका है.
घटना की सूचना पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
फिलहाल इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है. पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा.

