
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजया गार्डेन में शुक्रवार देर शाम एक महिला ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान 47 वर्षीय प्रीति वर्मा के रूप में हुई है, जो ब्रजेश वर्मा की पत्नी थीं. ब्रजेश पेप्सी कंपनी में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं. बताया जा रहा है कि घटना के समय घर पर केवल प्रीति वर्मा और उनका एक बेटा मौजूद था.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे के आसपास परिजनों ने प्रीति वर्मा को कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका पाया. तत्काल परिजन उन्हें फंदे से उतारकर टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद सामने आया है. परिवार के सदस्यों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते थे, जिससे प्रीति मानसिक तनाव में रहती थीं. पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को घटना की जानकारी दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है.
मृतका के दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी. घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है. पड़ोसियों ने बताया कि प्रीति वर्मा शांत स्वभाव की थीं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह काफी तनाव में दिखाई देती थीं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
बिरसानगर पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है. मायके पक्ष के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

