
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के केनरा बैंक के पास गुरुवार को ठेका कंपनी के कार्यालय से हथियार के बल पर 10.50 लाख रुपये की लूट की वारदात हुई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस ने कंपनी के कर्मचारी पंकज कुमार सिंह के बयान पर एक नामजद आरोपी करण मुदिलयार तथा दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस अब नामजद आरोपी के पते और आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटा रही है.
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन बदमाश विश्वकर्मा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में दोपहर के समय पहुंचे और कर्मचारियों को हथियार दिखाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया. बताया गया कि कार्यालय में मौजूद एक महिला कर्मी से भी बदमाशों ने 25 हजार रुपये लूट लिए. लूट के बाद तीनों आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए. अचानक हुई इस वारदात से कंपनी कर्मियों में दहशत का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके. पुलिस ने बताया कि लूट में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

