
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला साकची थाना क्षेत्र के आम बगान स्थित शारदामणी हाई स्कूल गेट के पास का है, जहां दिनदहाड़े एक युवक की बाइक चोरी हो गई। चोरी की यह वारदात 3 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित युवक सौभिक सरकार ने बाइक चोरी की लिखित शिकायत साकची थाना में दर्ज कराई है।
सौभिक सरकार, जो साकची पुराने कोर्ट के पास ओल्ड बुक स्टोर के समीप रहते हैं, ने बताया कि वे किसी कार्य से शारदामणी स्कूल के पास पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक स्कूल के मुख्य गेट के सामने खड़ी की थी। महज आधे घंटे बाद जब वे वापस लौटे, तो बाइक वहां से गायब थी। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर भी उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलने के बाद साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध युवक की गतिविधि कैमरे में कैद हुई है, जो घटना के समय वहां मंडराता दिखा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बाइक चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और वे इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

