
उदित वाणी जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 8:30 से 9:15 बजे के बीच बाइक सवार बदमाशों ने महज 45 मिनट के भीतर तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन छीन ली और भालुबासा की ओर फरार हो गए। इस दौरान तीनों महिलाओं ने साकची थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पहली घटना साकची गोलचक्कर के पास हुई, जहां बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी की रहने वाली मुस्कान कुमारी जायसवाल अपने छोटे भाई को स्कूल छोड़ने जा रही थीं। सुबह करीब 8:40 बजे बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
दूसरी घटना, महज पांच मिनट बाद साकची बसंतटॉकिज के पास हुई, जहां बिष्टुपुर परमानंद अपार्टमेंट की निवासी और असिस्टेंट प्रोफेसर चैदिला वस श्री दिव्या स्कूटी से सिदगोड़ा जा रही थीं। उनके गले से भी बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली।
तीसरी घटना बाराद्वारी सब्जी मंडी के पास घटी, जहां साकची राजेंद्र नगर निवासी अमित कुमार मंडल की पत्नी के गले से बदमाशों ने सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। फुटेज में बदमाशों की तस्वीर कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
