
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित भाटिया पार्क के समीप बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ. वाहन चेकिंग के दौरान भागने के प्रयास में एक बाइक सवार ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल जवान की पहचान जवाहर पासवान के रूप में हुई है, जो बिष्टुपुर यातायात थाना में चालक के पद पर कार्यरत हैं. जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर लगभग चार बजे की है जब भाटिया पार्क के पास यातायात पुलिस नियमित वाहन जांच कर रही थी. उसी दौरान एक युवक बाइक से तेज गति में आ रहा था. पुलिस को देखकर वह मुड़ने की कोशिश में नियंत्रण खो बैठा और जवान जवाहर पासवान को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि जवान सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. तुरंत ही उन्हें टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया. उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
वहीं, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बाइक चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और बाइक को जब्त कर लिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही है.
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें ताकि ऐसी अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके.

