
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान हो गया है। राज्य में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। मतगणना 14 नवंबर को होगी।
इस बार बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। पहले चरण में उत्तर-मध्य और पश्चिमी जिलों के क्षेत्रों में मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में सीमांचल, मगध और दक्षिण बिहार के जिलों में वोट डाले जाएंगे।
पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, बेगूसराय, नालंदा, पटना, भोजपुर, बक्सर और मुंगेर जैसे जिलों की सीटों पर मतदान होगा। इनमें दरभंगा, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पटना साहिब, दानापुर, आरा, बक्सर, नालंदा, हिलसा, बाढ़ और बेगूसराय जैसी प्रमुख सीटें शामिल हैं।
दूसरे चरण में सीमांचल और दक्षिण बिहार के जिले शामिल रहेंगे। इसमें मोतिहारी, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, गया, नवादा, औरंगाबाद और जमुई जैसी सीटों पर मतदान होगा।
दोनों चरणों की वोटिंग पूरी होने के बाद 14 नवंबर को मतगणना की जाएगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने कहा है कि राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी और वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
राज्य की राजनीति के लिए यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके परिणाम अगले पांच वर्षों की राजनीतिक दिशा तय करेंगे।

