
उदित वाणी जमशेदपुर : रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। रविवार 15 मार्च 2026 को चक्रधरपुर मंडल के आरपीएफ उड़नदस्ता दल और आरपीएफ पोस्ट टाटानगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र सिंह उर्फ गांधी के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। आरपीएफ को पिछले कुछ समय से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में मोबाइल चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ द्वारा विशेष निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी क्रम में रविवार को आरपीएफ उड़नदस्ता दल चक्रधरपुर मंडल और आरपीएफ टाटानगर की टीम स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके बारे में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि बरामद मोबाइल चोरी का है। इसके बाद आरपीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम देवेंद्र सिंह उर्फ गांधी बताया और स्वीकार किया कि वह पहले भी चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल रहा है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वह रेल थाना टाटानगर से चोरी और लूट के मामलों में तीन बार जेल जा चुका है। इसके अलावा बागबेड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज एक लूट के मामले में भी वह पहले जेल की सजा काट चुका है।
आरपीएफ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या रेलवे पुलिस को दें।

