
उदित वाणी, रांची: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं हेमंत सरकार के वित व खाद्य आपूर्ति मंत्री डा रामेश्वर उरांव ने खुलासा किया है कि राज्य में कांग्रेस के 7 विधायक पाला बदलने वाले थे.
उन्होंने कहा कि यही नहीं हावड़ा कैश कांड में तीन विधायक पकड़े गये. वहीं तीन विधायक भागने में सफल रहे। डा उरांव ने एक अखबार को इंटरव्यू देते हुए कहा कि उन्होंने राज्य में हेमंत सरकार गठित होने के बाद ही उन्होंने पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व को आगाह किया था कि कांग्रेस को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है और कहा था कि सतर्क नहीं रहेंगे, तो पार्टी टूट जायेगी.
उन्होंने कहा कि तब हाईकमान द्वारा इस तरह का बयानबाजी करने से मना किया गया था. सनद रहे कि तब डा उरांव प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर भी थे. लिहाजा उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के विधायक बिकने की हिम्मत नहीं जुटायेंगे.
हावड़ा कैश कांड में तीन विधायकों के पकड़े जाने के बाद अन्य विधायकों में भय व्याप्त है. इसके साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डा उरांव ने राज्य में कांग्रेस पार्टी पर बिकाउ होने का धब्बा लगने पर चिन्ता भी जाहिर की. इधर उन्होंने राज्य में स्थानीयता का आधार 1932 का खतियान बनाने पर भी अहसहमति जतायी और कहा कि राज्य के अलग-अलग जिलों में अलग-अलग साल में सर्वे हुआ है.
इसके बाद तमाड़-बुण्डु समेत कई थाना क्षेत्रों में रिवीजनल सर्वे भी हुआ है. उन्होंने कहा कि स्थानीयता का आधार जमीन होना चाहिए.

