
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला थाना पुलिस ने चोरी के मामले का बड़ा खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक साइकिल और दो अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
घटना 17 अगस्त की है, जब सरायकेला बाजार के इन्द्रटांडी क्षेत्र से करीब आठ हजार रुपये मूल्य की लाल रंग की साइकिल चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामले की जांच तेज की और 21 अगस्त को अभियुक्त शम्भु महतो (27 वर्ष), पिता पतु राम महतो, निवासी केंद्रुआ, सीनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की और उसके बताए स्थान से चोरी की गई साइकिल व दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक से और पूछताछ की जा रही है तथा आगे की जांच में अन्य खुलासे की भी संभावना है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी विनय कुमार, सीनी शिविर प्रभारी राजेन्द्र कुमार, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

