
उदित वाणी, जमशेदपुर : भुईयांडीह में हाईकोर्ट के आदेश पर सड़क चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन व जुस्को द्वारा चलाए गए अतिक्रमण मुक्त अभियान के बाद विधायक पूर्णिमा दास साहू ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों के पुनर्वास व उचित मुआवजे की मांग की है.
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बिना पूर्व नोटिस के घरों पर बुलडोजर चलाए गए, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ. विधायक ने कहा कि वे उस दिन रांची गईं थीं, लौटकर पीड़ितों से मिलीं तो सभी ने बिना सूचना की शिकायत की. डीसी ने आश्वासन दिया है कि टूटे घरों के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी.
पूर्णिमा साहू ने मीडिया से बातचीत में राजनीतिक दलों से अपील की कि इस मुद्दे पर राजनीति न करें, क्योंकि कई परिवार बेघर हो गए हैं. उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण जरूरी है, लेकिन पूर्व सूचना व राहत व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए.

