
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भुइयांडीह इलाके में बुधवार को हुई फायरिंग की घटना से दहशत का माहौल बन गया था. घटना के महज 12 घंटे के भीतर जमशेदपुर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीन युवकों को हथियार समेत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में समीर जैना, विजय तिवारी उर्फ गोलू और अभिषेक कुमार सिंह शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से दो देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, दो खोखा, एक मोटरसाइकिल एवं एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है.
घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे भुइयांडीह मटन दुकान के पास की है, जब अचानक फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि शुरूआत में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि फायरिंग किसने और क्यों की, लेकिन पीड़िता रितु लोहार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समीर जैना को हिरासत में लिया.
पूछताछ के दौरान समीर ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि वह टकलू लोहार के बेटे प्रिंस लोहार को धमकाना चाहता था और इसी क्रम में उसकी पत्नी रितु लोहार को लक्ष्य बनाकर फायरिंग की. समीर के साथ उसका दोस्त अभिषेक कुमार सिंह भी मौके पर मौजूद था, जिसके पास दूसरा देशी कट्टा था. घटना के बाद दोनों ने मौके से भागने के लिए एक चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया और टेल्को पहुंचे.
टेल्को में उन्होंने अपने तीसरे साथी विजय तिवारी उर्फ गोलू को हथियार और गोली छिपाने के लिए सौंप दिए. वहीं, फायरिंग के बाद मौके पर मिले खोखा को अभिषेक ने अपने पास रख लिया. पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी के साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ते हुए अपराधियों के पास से हथियार, गोलियां और अन्य सबूत जब्त किए हैं.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआत में घटना की पुष्टि नहीं हो पा रही थी, लेकिन पीड़िता की शिकायत और त्वरित अनुसंधान से महज 12 घंटे के भीतर इस आपराधिक साजिश का पर्दाफाश हो सका. उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस की तत्परता से जहां स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.

