
उदित वाणी, जमशेदपुर:- भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह फिर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) में लौट आए हैं। मंगलवार को बिहार BJP प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा, “पवन सिंह BJP में थे और हमेशा रहेंगे।” दिल्ली में पवन सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से करीब 30 मिनट तक मुलाकात की और उन्हें गमछा भेंट किया। इसके बाद उन्होंने BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और शॉल भेंट की।
मुलाकात के बाद पत्रकारों के सवालों पर पवन सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया और हाथ जोड़कर आगे बढ़ गए।
पवन सिंह ने मंगलवार को राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से उनके दिल्ली स्थित आवास पर भी मुलाकात की, जहां कुशवाहा ने उन्हें गले लगाया। इस दौरान विनोद तावड़े और सांसद ऋतुराज सिन्हा भी मौजूद थे। तावड़े ने बताया कि यह मुलाकात 2024 लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट पर हुए विवाद को सुलझाने के लिए थी। उल्लेखनीय है कि सोमवार को पवन सिंह ने तावड़े और सिन्हा से भी मुलाकात की थी।
RJD नेता तेजप्रताप यादव ने इस मुलाकात पर तंज कसते हुए कहा, “लखनऊ में पवन सिंह मेरे पैरों में गिरे थे। आज कुशवाहा के पैरों में गिर रहे हैं। वे एक्टर हैं, एक्टिंग करें, चुनाव में क्यों पड़ रहे हैं?”
सूत्रों के अनुसार, पवन सिंह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में आरा सीट से NDA उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर सकते हैं। उनकी वापसी से शाहाबाद क्षेत्र की 22 विधानसभा सीटों पर NDA को फायदा हो सकता है, जिसमें भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर शामिल हैं।
पवन सिंह ने हाल ही में बिजनेस टायकून अशनीर ग्रोवर के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ को भी छोड़ दिया। शो छोड़ते समय उन्होंने कहा, “मेरी जनता मेरा भगवान है। चुनाव के समय मेरा फर्ज है कि मैं उनके बीच रहूं।”Y यह बयान उनके पूर्णकालिक राजनीति में सक्रिय होने की ओर संकेत करता है।

