
किसानों की बढ़ी चिंता, धान रोपनी में हो रहा विलंब,
उदित वाणी, जमशेदपुरः झारखंड में मौसम विभाग ने औसत बारिश का अनुमान किया था लेकिन इसके विपरीत औसत से कम बारिश हुई है. इसने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. अभी तक धान की रोपनी हो जानी चाहिए थी लेकिन नहीं हो पायी है.
उम्मीद जतायी जा रही है कि अगर जुलाई 28 तक औसत वर्षा नहीं हुई तो राज्य कृषि विभाग द्वारा किसानों को कम समय में तैयार होने वाले धान की किस्म लगाने की सलाह दी जा सकती है. हालांकि पिछले एक सप्ताह में रुक रुक कर ही सही लगातार हो रही बारिश ने किसानों की उम्मीद बढ़ाई है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में और भी बारिश हो सकती है.
48 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई : मौसम विभाग
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी मौसम अपडेट के अनुसार राज्य में सामान्य से 48 फीसदी कम वर्षा रिकार्ड की गई है. कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मुकेश सिन्हा ने कहा है कि वैसे विभाग को अगले 15 दिनों में अच्छी वर्षा की उम्मीद है.
पूर्वी सिंहभूम जिले में 356.4 मिमी वर्षा
पूर्वी सिंहभूम ही एकमात्र ऐसा जिला है जहां अभी तक सामान्य वर्षा रिकार्ड की गई है. पूर्वी सिंहभूम में 331.3 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा 356.4 मिमी के करीब है.
पूरे राज्य की बात करें तो राज्य में अब तक 316.7 मिमी की जगह सिर्फ 164.3 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है जो सामान्य वर्षापात से 48 प्रतिशत कम है.

