
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारत मौसम विभाग (IMD) द्वारा पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। संभावित जलजमाव और नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सभी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों को एक दिन के लिए बंद करने का निर्णय लिया है।
पहली से आठवीं तक की कक्षाएं रहेंगी स्थगित
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह आदेश पारित किया है कि 20 जून 2025 (शुक्रवार) को कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी सरकारी, निजी, अल्पसंख्यक और सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षाएं स्थगित रहेंगी। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती कदम के रूप में लिया गया है।
प्रशासन करेगा लगातार निगरानी
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है और यदि आवश्यकता हुई तो आगे के निर्देश समयानुसार जारी किए जाएंगे। सभी विद्यालयों, अभिभावकों एवं संबंधित संस्थानों से अनुरोध किया गया है कि वे आदेश का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें और अफवाहों से बचें।
