
उदित वाणी, जमशेदपुर : साल के अंतिम दिन बुधवार शाम एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. इस हादसे में बेलाजुड़ी गांव निवासी रविकांत विसई की पत्नी खुकु रानी विसई (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति रविकांत विसई गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पति-पत्नी नारगा स्थित बैंक ऑफ इंडिया से पैदल अपने घर बेलाजुड़ी लौट रहे थे, तभी घाटशिला से जमशेदपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने पीछे से दोनों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि खुकु रानी विसई ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया. बेटा फ़कीर विसई सहित परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पहुंचे. गांव में शोक की लहर दौड़ गई और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचते रहे.
इस दुर्घटना में रविकांत विसई का दायां पैर टूट गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची एमजीएम थाना पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया तथा मृतिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है.

