
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना अंतर्गत डिमना एनएच-33 पर 18 अगस्त को टेल्को बड़ी नगर निवासी सद्दाम हुसैन पर कुछ युवकों ने हमला कर बुरी तरह मारपीट की। इस घटना में सद्दाम गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल सद्दाम के छोटे भाई ने बताया कि उनका पड़ोसी दानिश के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। दानिश आए दिन उनके घर पर आकर गाली-गलौज करता और मारपीट की कोशिश करता है। घटना से तीन दिन पूर्व भी दानिश देर रात करीब 1 बजे घर में घुस आया था और परिवार को धमकाकर चला गया था। परिजनों का आरोप है कि 18 अगस्त को डिमना एनएच-33 स्थित रेवा के पास दानिश अपने 7-8 साथियों के साथ घात लगाए बैठा था। जैसे ही सद्दाम वहां पहुंचा, उसे जबरन गाड़ी से उतारकर मारपीट की गई। इस दौरान उसके साथ बुरी तरह हिंसा की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने इस मामले की लिखित शिकायत एमजीएम थाना में की है। उनका कहना है कि हमला पूरी तरह से योजनाबद्ध था। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने कहा कि मुख्य सड़क पर इस तरह खुलेआम मारपीट की घटना से आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

