
उदित वाणी, जमशेदपुर: बैंक ऑफ़ बड़ौदा (बैंक) ने भारतीय भाषाओं में साहित्यिक लेखन को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष ‘बैंक ऑफ़ बड़ौदा राष्ट्रभाषा सम्मान’ की शुरुआत की है.
‘बैंक ऑफ़ बड़ौदा राष्ट्रभाषा सम्मान’ के अंतर्गत मूल रूप से भारतीय भाषाओं में लिखे गए उपन्यास की हिंदी में अनूदित श्रेष्ठ कृति को सम्मानित किया जाएगा. बैंक ने इस सम्मान के लिए प्रविष्टियों के आमंत्रण हेतु पंजीकरण की प्रक्रिया आरंभ कर दी है. यह सम्मान भारतीय भाषाओं के बीच सामंजस्य को बढ़ाने और देश में साहित्यिक अनुवाद कार्य को प्रोत्साहित करने तथा आम लोगों के लिए हिंदी में श्रेष्ठ भारतीय साहित्य उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखता है.
‘बैंक ऑफ़ बड़ौदा राष्ट्रभाषा सम्मान’ योजना के तहत संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल भारतीय भाषाओं में लिखे गए उपन्यास की हिंदी में अनुदित कृति सम्मान हेतु पात्र होगी.
सम्मान हेतु प्रविष्टियां हिंदी अनुवादकों के साथ-साथ प्रकाशकों से भी आमंत्रित की जा रही हैं. इस सम्मान के तहत प्रति वर्ष सम्मानित उपन्यास के मूल लेखक को 21 लाख तथा उस कृति के हिंदी अनुवादक को 15 लाख रूपए मिलेंगे. इसके अलावा अन्य पांच चयनित कृतियों के लिए मूल लेखक को 3 लाख तथा उसके हिंदी अनुवादक को 2 लाख की सम्मान राशि दी
जाएगी. इच्छुक आवेदक सम्मान हेतु अपनी प्रविष्टि 22 मार्च से 7 अप्रैल के बीच कर सकते हैं. प्रविष्टि प्रस्तुति हेतु फॉर्म, नियम, शर्तें एवं अन्य प्रक्रिया संबंधी जानकारी बैंक की वेबसाइट के इस लिंक https://www.bankofbaroda.in/bank-of-baroda rashtrabhasha-samman पर उपलब्ध है.
बैंक ऑफ़ बड़ौदा के बारे में
20 जुलाई 1908 को सर महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ द्वारा स्थापित बैंक ऑफ़ बड़ौदा भारत के प्रमुख वाणिज्यिक बैंकों में से एक है. 63.97 फीसदी हिस्सेदारी के साथ यह प्रमुख रूप से भारत सरकार के स्वामित्व में है.
बैंक पांच महाद्वीपों में 17 देशों में फैले 46,000 से अधिक टचप्वाइंट के माध्यम से 150 मिलियन से अधिक के अपने वैश्विक ग्राहक आधार को सेवाएं प्रदान कर रहा है. अपने अत्याधुनिक डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से यह सभी बैंकिंग उत्पादों और सेवाओं को निर्बाध एवं बाधारहित तरीके से उपलब्ध करा रहा है.
हाल ही में शुरू किया गया बॉब वर्ल्ड मोबाइल ऐप ग्राहकों को एक ही ऐप के अंतर्गत बचत, निवेश, उधार एवं खरीदारी का अनुभव प्रदान कर रहा है. यह ऐप वीडियो केवाईसी के माध्यम से खाता खोलने की सुविधा उपलब्ध कराकर गैर-ग्राहकों को भी सेवा प्रदान करता है.

