
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा स्थित बॉल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल में कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के लिए विशेष स्ट्रेस रिलीज़ एवं मोटिवेशन सत्र का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षा से पूर्व विद्यार्थियों के तनाव को कम करना तथा उन्हें प्रभावी अध्ययन पद्धतियों और संतुलित जीवनशैली से परिचित कराना था.
सत्र के मुख्य वक्ता प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर श्री राजेन्द्र देव थे, जिन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक शांति, समय प्रबंधन और अनुशासन के महत्त्व पर प्रेरक एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया.
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शुभ्श्री सरकार, शैक्षणिक निदेशक (राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित) डॉ. अशोक सिंह तथा एडमिनिस्ट्रेटर श्री सचिन कुमार ने संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया.

प्रभावी अध्ययन के लिए विशेषज्ञों के सुझाव
विशेषज्ञों ने बताया कि शांत मन से की गई पढ़ाई लंबे समय तक याद रहती है. विद्यार्थियों को प्रतिदिन लगभग 8 घंटे अध्ययन करने की सलाह दी गई.
उन्होंने इन 8 घंटों को इस प्रकार विभाजित करने का सुझाव दिया—
4 घंटे मुख्य विषयों का अध्ययन
1–2 घंटे पुनरावृत्ति
1–2 घंटे लेखन अभ्यास
इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को 50 मिनट अध्ययन + 10 मिनट ब्रेक की पद्धति अपनाने की भी सलाह दी, जिससे मन तरोताजा रहता है और सीखने की क्षमता बढ़ती है.
सोशल मीडिया से दूरी रखने पर जोर
श्री देव ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पानी की तरह है—नियंत्रण में रहे तो उपयोगी, अधिकता हो जाए तो नुकसानदायक. इसलिए परीक्षा के दिनों में इससे दूरी बनाना अत्यंत आवश्यक है.
स्वास्थ्य और दिनचर्या पर विशेष ध्यान
उन्होंने विद्यार्थियों को पर्याप्त पानी पीने, रोज़ाना 7–8 घंटे की नींद लेने तथा सुबह 5:00 बजे से 9:00 बजे तक पढ़ाई करने की सलाह दी, क्योंकि यह समय मस्तिष्क की कार्यक्षमता के लिए सर्वश्रेष्ठ माना जाता है.
विद्यार्थियों के लिए प्रेरक संदेश
अंत में विशेषज्ञों ने कहा कि सफलता की शक्ति हर विद्यार्थी के भीतर मौजूद है. लक्ष्य प्राप्ति के लिए मजबूत इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और अनुशासन आवश्यक हैं. यदि विद्यार्थी हर चुनौती का सामना दृढ़ता से करें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी.
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार हुआ. विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद व्यक्त की कि विद्यार्थी इन महत्वपूर्ण सुझावों को अपनाकर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे.

