
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना अंतर्गत नया बस्ती में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक घर से तेज दुर्गंध महसूस की. पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़वाया तो अंदर का नजारा देख स्तब्ध रह गई. कमरे में बंटी कुमार साहू (25) का शव फंदे से लटकता मिला, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था. शुरुआती जांच में अनुमान है कि बंटी ने तीन दिन पहले ही फांसी लगाई होगी. स्थानीय लोगों ने भी बताया कि उन्होंने उसे अंतिम बार तीन दिन पूर्व ही देखा था.
जानकारी के अनुसार बंटी ने प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद वह परिवार से अलग रह रहा था. करीब एक महीने से बंटी और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके बाद उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी. बताया जाता है कि बंटी छोटी-सी दुकान व ठेला चलाकर गुजारा करता था. अकेले रहने के कारण उसकी गतिविधियों पर अधिक लोगों की नजर नहीं रहती थी.
मंगलवार को घर से उठ रही बदबू ने लोगों को चौंकाया. जब कई घंटों तक दरवाज़ा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने पुलिस को खबर दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़वाया और बंटी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. बस्ती में घटना को लेकर शोक और स्तब्धता का माहौल है.

