
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक पर मंगलवार रात एक युवक पर हरवे-हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस हमले में ग्वालापट्टी निवासी दयाशंकर राय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों की पहचान साहिल थापा और सन्नी के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा के लाल बिल्डिंग दुर्गा पूजा मैदान के पास के रहने वाले हैं. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
घायल दयाशंकर राय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे वे किसी कार्य से लाल बिल्डिंग चौक के पास पहुंचे थे. उसी दौरान साहिल और सन्नी ने उन्हें घेर लिया और अचानक हरवे-हथियार से हमला बोल दिया. बताया गया है कि दोनों आरोपियों से दयाशंकर की पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसे लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा था. इस हमले को उसी रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में दयाशंकर को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. उधर, बागबेड़ा पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
थाना प्रभारी ने कहा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना से इलाके में तनाव की स्थिति है, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
