
उदित वाणी, जमशेदपुर: जिला प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट कॉलोनी, आदित्यपुर के पास स्थित बाबाकुटी छठ घाट को प्रतिबंधित कर दिया है. और वहां छठ घाट पर व्रतियों के अध्र्य अर्पित करने की मनाही कर दी गई है.
उक्त घाट का निरीक्षण करने के पश्चात जिला उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने उक्त निदेश दिया है. साथ ही श्रद्दालुओं से दूसरे स्थान के छठ घाट पर जाकर अध्र्य अर्पित करने की अपील की गई है.
नदी घाट-रास्ते को दुरुस्त करने के काम में आयी तेजी
आदित्यपुर के विभिन्न स्थानों पर स्थित नदी घाट एवं नदी घाट जाने वाले रास्ते को दुरुस्त करने का काम द्रुत गति से चल रहा है. इस क्रम में जेसीबी पॉकलेन एवं मजदूरों की मदद से नदी घाट एवं घाट जाने वाले रास्ते को दुरुस्त करने का काम कराया जा रहा है.
इस क्रम में आदित्यपुर-2 मार्ग संख्या-7 स्थित लंका टोला, नदी घाट तथा घाट जाने वाले रास्ते और आदित्यपुर-2 मार्ग संख्या-32 नदी घाट तथा घाट जाने वाले रास्ते को जेसीबी पॉकलेन की मदद से दुरुस्त करने का कार्य कराया जा रहा है.
साथ ही घाट एवं घाट जाने वाले रास्ते की साफ-सफाई भी कराई गई. वहीं, नगीनापुरी कॉलोनी छठ घाट, खरकई घाट, जयप्रकाश उद्यान छठ घाट, राममड़ैय्या बस्ती छठ घाट एवं वहां तक जाने वाले रास्ते को दुरुस्त कराने के साथ-साथ घाटों की साफ-सफाई भी कराई जा रही है. अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग स्वयं सेवी संस्थाओं के द्वारा छठ व्रतियों के लिए सेवा कार्य भी कराया जा रहा है.
डीसी-एसपी ने किया छठ घाट का विजिट
जिला उपायुक्त अरवा राजकमल तथा पुलिस अधीक्षक आनन्द प्रकाश के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने आज आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाट का विजिट किया तथा वहां की गई प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया.
और सभी स्थानों पर व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने का निदेश नगर निगम के प्रतिनिधियों को दिया. इस क्रम में प्रशासनिक टीम नगीनापुरी कॉलोनी छठ घाट, खरकई टीओपी छठ घाट, रिवर व्यू कॉलोनी छठ घाट, मार्ग संख्या-32 छठ घाट, मार्ग संख्या-7 छठ घाट सहित अन्य स्थानो पर भी पहुंची.
मौके पर सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी रामकृष्ण कुमार, गम्हरिया के अंचलाधिकारी मनोज कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार, आरआईटी थाना प्रभारी मो0 तंजील खान, आदित्यपुर नगर निगम के सहायक अभियंता विनोद कुमार, नगर प्रबन्धक लेमांशु कुमार, कनीय अभियंता रितेश कुमार आदि उपस्थित थे.
मार्ग संख्या-32 छठ घाट पर प्रशासनिक टीम के साथ जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश भी उपस्थित थे.

