
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-12 जवाहर नगर में मंगलवार सुबह हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया बैग, नकद रुपये, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं. साथ ही अपराध में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है.
पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर पुलिस मौके पर पहुंची. जांच में पाया गया कि आरोपी भागते समय अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए थे. बाइक की जब्ती के बाद जांच में खुलासा हुआ कि यह कपाली गौस नगर निवासी मोहम्मद आसिफ अंसारी के नाम पर है. छापेमारी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, जिसके पास से 2200 रुपये नकद बरामद हुए. पूछताछ में आसिफ ने अपराध स्वीकार करते हुए अपने साथी कलामुद्दीन उर्फ कलाम उर्फ सैफ का नाम बताया.
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कलामुद्दीन को ओल्ड पुलिया, रोड नंबर-15 से उस समय दबोच लिया, जब वह उड़ीसा भागने की फिराक में था. उसके पास से लूटा गया बैग, यूनियन बैंक व आईडीबीआई बैंक के एटीएम कार्ड, ट्रेनी जॉब आईडी, पैन कार्ड और 500 रुपये नकद मिले.
बताया गया कि कलामुद्दीन के खिलाफ पूर्व में भी साकची थाना में मामला दर्ज है. पूरी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

