
उदित वाणी, जमशेदपुर : आज़ादनगर थाना क्षेत्र में स्कूटी चोरी की घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को चोरी की गई स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है.
घटना ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर एक निवासी खलील खान उर्फ हीरा के साथ घटी. उन्होंने अपनी स्कूटी (नंबर JH05AL1637) को मंगलवार रात लगभग 10 बजे घर के बाहर खड़ा किया था. रात करीब 2:30 बजे जब उन्होंने बाहर झांका, तो स्कूटी वहां से गायब थी. चोरी का पता चलते ही खलील खान ने तुरंत आज़ादनगर थाना में इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंदन कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने विशेष टीम गठित की और इलाके के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान अब्दुल करीम उर्फ रिंकू के रूप में हुई. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को चोरी की गई स्कूटी के साथ धर दबोचा.
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि इलाके में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सजग है. उन्होंने कहा, “इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है. भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार त्वरित कार्रवाई की जाएगी.”
स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी तेज कार्रवाई अपराधियों के हौसले पस्त करती है और जनता का भरोसा पुलिस पर बढ़ाता है. इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि जमशेदपुर पुलिस अपराध रोकथाम के लिए हर समय मुस्तैद है.

