
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): जिला आयुष विभाग एवं आदित्यपुर आयुष आरोग्य मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम के वॉर्ड संख्या 18 स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क (डब्ल्यू टाइप मैदान) में निःशुल्क आयुष चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
शिविर का उद्घाटन वॉर्ड 18 के पूर्व पार्षद रंजन सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान आदित्यपुर राजकीय यूनानी औषधालय की डॉक्टर श्वेता सुषमा और डॉक्टर शैलेश कुमार ने आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी तरीकों से मरीजों की जांच की तथा रोगानुसार निःशुल्क दवाइयां भी प्रदान कीं।
डॉ. श्वेता सुषमा ने बताया कि शिविर में योगा ट्रेनर भी मौजूद रहे, जिन्होंने लोगों को नियमित योग अभ्यास के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति बिना दुष्प्रभाव के दीर्घकालिक लाभ देती है और लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे शिविर बेहद उपयोगी हैं।
कार्यक्रम में वरीय सामाजिक कार्यकर्ता ललन तिवारी, प्रभात सिंह, संतोष तिवारी समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।

