
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली और मरीन ड्राइव को जोड़ने वाली न्यू ब्रिज पर सोमवार सुबह अफरा-तफरी का माहौल तब बन गया, जब एक ऑटो ड्राइवर ने अचानक ऑटो खड़ा कर स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह नदी की तेज धार में गायब हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान मुकेश कुमार (36) के रूप में हुई है, जो एल एंड टी गेट, टिल्लू भट्टा का निवासी है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण मुकेश का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
सूचना मिलते ही मुकेश के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर इस समय ऊंचा है, जिससे खोजबीन में दिक्कत आ रही है। अब मुकेश की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की मदद ली जाएगी।
फिलहाल, मुकेश के नदी में कूदने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

