
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी व्यापारिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह के नेतृत्व में अटल जयंती समारोह सह कार्यकर्ता मिलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम मानगो-डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में हुआ.
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समाजजनों के लिए लिट्टी पार्टी का भी विशेष प्रबंध किया गया. प्रमुख अतिथियों में जमशेदपुर महानगर की सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के एनडीए विधायक सरयू राय, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं खादी ग्रामोद्योग बोर्ड प्रतिनिधि मनोज सिंह तथा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा उपस्थित रहे.
सभी वक्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों, राष्ट्रनिर्माण में योगदान और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया. कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजन ने लिट्टी-चोखा और जलेबी का स्वाद लेते हुए उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजन को सफल बनाया.

