
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा बस्ती मुंशा सिंह बगान में सोमवार रात एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना को लेकर पीड़ित अशोक गिरी ने सात लोगों के खिलाफ साकची थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए बयान में अशोक गिरी ने बताया कि 6 नवंबर की रात करीब 9:15 बजे वे अपने घर पर थे। इसी दौरान साकची गुरुद्वारा बस्ती के निवासी राजन कर्मकार, बंटी कर्मकार, रोहित कर्मकार, राहुल कर्मकार, राधा कर्मकार, आशा कर्मकार और रेशमी कर्मकार एकजुट होकर उनके घर पहुंचे। पुराने विवाद को लेकर सभी ने पहले गाली-गलौज किया और इसके बाद जान मारने की नीयत से घर में घुसकर मारपीट की।
घटना के दौरान अशोक गिरी को चोटें आईं, जिसके बाद उन्होंने एमजीएम अस्पताल में इलाज कराया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस ने सभी सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाने की बात कही गई है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं स्थानीय लोग पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

