
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोट्र्स कांप्लेक्स में 24वें एसआइएससी जोनल एथलेटिक मीट की शुरुआत मंगलवार की सुबह हो गई. इसका उद्घाटन टाटा स्टील के स्पोट्स हेड आशीष कुमार ने किया. उन्होंने दीप जलाकर तथा एएसआइएससी का क्षेत्रीय झंडा का झंडोत्तोलन इस मीट का विधिवत शुरुआत किया.
मशाल एडीएलएस सनशाइन स्कूल कदमा, रिवर व्यू इंग्लिश स्कूल, आरवीएस एकेडमी के चार छात्रों ने मशाल जलाकर खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत की. इससे पहले छात्रों ने चक दे इंडिया की थीम पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया.
एडीएलएस सनशाइन की खेल मंत्री बी उर्वशी खेल का शपथ ग्रहण खिलाडिय़ों को करवाया. इस मीट में पूर्वी भारत के 29 आइसीएससीइ स्कूलों के 1200 छात्र सीनियर व जूनियर वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं.
इस जोनल एथलेटिक मीट का आयोजन एडीएलएस सनशाइन कदमा, रिवर व्यू इंग्लिश स्कूल कदमा, आरवीएस एकेडमी मानगो, श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर मिलकर कर रहे हैं. मीट में सबसे ज्यादा खिलाड़ी चर्च स्कूल बेल्डीह से भाग ले रहे हैं. प्रतियोगिता का समापन बुधवार की शाम चार बजे होगा.
इस जोनल एथलेटिक मीट की शुरुआत जूनियर वर्ग के 1500 मीटर दौड़ से हुई. इस दौड़ में कुल 29 खिलाडिय़ों ने भाग लिया. मंगलवार को दौड़, लांग जंप, हाई जंप की प्रतियोगिताएं होगी. अन्य प्रतियोगिताएं बुधवार को होगी.
दो साल बाद आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता को लेकर स्कूल के छात्रों व खेल शिक्षकों तथा अन्य शिक्षकों में भी उत्साह का माहौल है. अपने स्कूल के छात्रों का हौसला भी सहपाठी बना रहे हैं. एक-दूसरे का सहयोग भी कर रहे हैं.
इस खेल को देखने के लिए शहर के कई एथलीट भी बैठकर देख रहे हैं. वे यहां से अपने क्षेत्र की प्रतिभाओं को सराहने का कार्य करेंगे.

