
उदित वाणी, रांची: केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री व खूंटी के सांसद अर्जुन मुंडा ने बुधवार को दिल्ली में रेलवे, संचार व इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस तथा शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से से मुलाकात की.
इस दौरान मुण्डा ने अपने संसदीय क्षेत्र खूंटी से संबंधित समस्याओं और क्षेत्र के विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की. उन्होंने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से सरायकेला-खरसावां जिले में स्थित सीनी में रेल चक्का निर्माण के लिए कारखाना स्थापित करने का आग्रह किया.
इसके साथ ही उन्होंने नामकुम-कांड्रा रेल लाइन का बिछाने का काम शीघ्र शुरू करने, हटिया- बंडामुंडा रेल खंड में कंहरवा-तांती-पर्वोटोनिया-ओर्गा स्टेशन के बीच रेल लाइन दोहरीकरण के कार्य में तेजी लाने का भी आग्रह किया.
इसके अलावा मुण्डा ने सीनी और मुंडाटांड रेलवे गेट के बीच सड़क निर्माण समेत कई ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी चर्चा की. वहीं उन्होंने शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी से उनके कार्यालय में मुलाकात करके क्षेत्र की कई समस्याओं और विकास के बारे में चर्चा की.

