
उदित वाणी, जमशेदपुर: केंद्रीय विद्यालयों में अपने बच्चे का दाखिला कराने का इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए बड़ी खबर है. देश और विदेशों में स्थित 1248 केंद्रीय विद्यालयों में शैक्षणिक वर्ष 2023-24 के दौरान कक्षा 1 के साथ-साथ कक्षा 2 से कक्षा 10 तक की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए अधिसूचना केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) जारी कर दी गई है.
संगठन द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक में दाखिले हेतु आवेदन प्रक्रिया इसी माह के आखिरी सप्ताह के दौरान 27 मार्च से शुरू होगी और यह 17 अप्रैल 2023 तक चलेगी. वहीं, अन्य कक्षाओं में प्रवेश के लिए आवेदन 3 से 12 अप्रैल 2023 तक किए जा सकेंगे.
दूसरी तरफ, केंद्रीय विद्यालयों में पहली कक्षा की सभी सीटों और अन्य कक्षा की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन किए स्टूडेंट्स में से चयनित छात्र-छात्राओं की सूची जारी किए जाने की तारीखों का भी ऐलान केंद्रीय विद्यालय संगठन ने केवीएस एडमिशन 2023 नोटिफिकेशन में कर दिया है.
अधिसूचना के मुताबिक कक्षा 1 दाखिले की पहली चयन सूची 20 अप्रैल को जारी की जाएगी और इस सूची के आधार पर दाखिला 21 अप्रैल से लिया जाएगा.
सीटें रिक्त रहने पर दूसरी सूची 28 अप्रैल को और तीसरी सूची 4 मई 2023 को जारी की जाएगी. वहीं, अन्य कक्षाओं के लिए चयन सूची 17 अप्रैल को जारी होगी और दाखिला 18 से 29 अप्रैल तक लिया जाएगा.

