
उदित वाणी जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना अंतर्गत रामनगर में असामाजिक तत्वों ने दो ऑटो को आग के हवाले कर दिया. आग से डीजल ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि एक सीएनजी ऑटो में लगी आग को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझा दिया. घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य कविता परमार भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित से जानकारी ली. पीड़ित जयशंकर शाह के अनुसार वे रात में ऑटो लगाकर सो रहे थे. अचानक पुलिस की गश्ती टीम ने ऑटो में आग लगने की जानकारी दी. इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया गया, पर ऑटो पूरी तरह से जलकर राक हो गई, वहीं दूसरा सीएनजी ऑटो भी आग की चपेट में आ गया पर स्थानीय लोगों की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया. पीड़ित जय शंकर शाह के अनुसार उन्हें इस घटना में 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है. बागबेड़ा पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है. दूसरी तरफ पुलिस ने जांच की बात कह कर इस मामले में कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया.

