
जमशेदपुर : रोगाणुरोधी प्रतिरोध (Antimicrobial Resistance) आज के युग में स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने एक गंभीर वैश्विक चुनौती बनकर उभर रही है. इसी विषय पर जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से रंभा कॉलेज ऑफ नर्सिंग और रंभा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 24 नवंबर, सोमवार को एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा.
इस सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में ब्रह्मानंद नारायण हॉस्पिटल के श्री ए. धर्मा राव तथा की-नोट स्पीकर के रूप में कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रिम्स के श्री आनंद कुजूर उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ डॉक्टर राहुल देवदास (सीनियर कंसल्टेंट), डॉ. मार्टिन अहमद खान (एलसीएमसीएच, पलामू), कुमार वेंकट (उषा कॉलेज ऑफ फार्मेसी), रजत कुमार पांडे (गांधी कॉलेज ऑफ फार्मेसी) और चंद्रशेखर मित्रा (श्रीनाथ कॉलेज ऑफ फार्मेसी) भी आमंत्रित अतिथि वक्ता के रूप में अपने विचार साझा करेंगे.
रंभा ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के अध्यक्ष श्री राम बचन ने बताया कि कॉलेज की स्थापना का उद्देश्य समुदाय में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाना और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा पूर्व में भी कई सेमिनार और कार्यशालाओं का सफल आयोजन किया गया है.
सचिव श्री गौरव बचन ने कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि समाज सेवा की भावना से भी जुड़ा है. हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें और भावनात्मक बुद्धिमत्ता अपनाते हुए मानव सेवा को अपना कर्तव्य मानें.
सेमिनार की सफलता के लिए रंभा कॉलेज ऑफ नर्सिंग और रंभा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा निरंतर तैयारी की जा रही है.

