
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर शहर के प्रसिद्ध लेखक अंशुमन भगत को उनकी चर्चित हिंदी पुस्तक “एक सफर में” के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा. उन्हें प्रतिष्ठित “ऑथर लिटरेरी अवॉर्ड्स गोवा – 2025” में “बेस्ट हिंदी बुक इन लाइफ एक्सपीरियंस” श्रेणी में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान समारोह 9 जुलाई 2025 को गोवा की राजधानी पणजी में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से लेखक, प्रकाशक और साहित्य प्रेमी जुटेंगे.
अंशुमन भगत की यह पुस्तक बॉलीवुड और टेलीविज़न इंडस्ट्री में काम कर चुके कलाकारों के संघर्ष, हकीकत और भ्रम को उजागर करती है. लेखक ने इस किताब में अपने तीन साल के व्यक्तिगत अनुभव साझा किए हैं, जिनमें मायानगरी मुंबई में छोटे शहरों से आने वाले युवाओं को किन मानसिक, सामाजिक और पेशेवर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, इसका सजीव वर्णन इस पुस्तक में है.
अंशुमन भगत पिछले कुछ वर्षों में हिंदी साहित्य जगत में एक स्थापित नाम बनकर उभरे हैं. अब तक उन्होंने छह पुस्तकें लिखी हैं, किंतु उन्हें अधिक लोकप्रियता उनकी किताब “एक सफर में” से हासिल हुई हैं. जो देश-विदेश के पाठकों के बीच लोकप्रिय हुई हैं. खास बात यह है कि इस किताब और उनकी लिखनी के लिए उन्हें कई सारे पुरस्कार मिले हैं और अब ऑथर लिटरेरी अवॉर्डस गोवा – 2025, जिसका आयोजन हर वर्ष द बुक चैनल नामक संस्था द्वारा किया जाता है, जो देश-विदेश के सरकारी पुस्तक मेलों और साहित्यिक आयोजनों में भारतीय लेखकों का प्रतिनिधित्व करती है. इस मंच पर झारखंड से किसी युवा लेखक को सम्मान मिलना न केवल राज्य के लिए गौरव की बात है, बल्कि यह संकेत भी है कि सच्चे अनुभवों पर आधारित लेखन आज भी पाठकों से गहरा जुड़ाव बनाता है.

